ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार: 4 और गुर्गे गिरफ्तार, अब तक कुल 11 दबोचे गए

 ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार: 4 और गुर्गे गिरफ्तार, अब तक कुल 11 दबोचे गए

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार: 4 और गुर्गे गिरफ्तार, अब तक कुल 11 दबोचे गए

भिलाई/दुर्ग:ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जामुल थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित सट्टा गिरोह के मामले में पुलिस ने दबिश देकर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पहले पकड़े गए सात सटोरियों के साथ मिलकर नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 65 हजार रुपए नकद और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ऐसे हुआ नेटवर्क का भंडाफोड़

कुछ दिनों पहले जामुल पुलिस ने सुंदर विहार कॉलोनी (फेज-2) में छापेमारी कर सात लोगों को रंगे हाथों पकड़ा था। पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल डेटा की तकनीकी जांच और कड़ाई से पूछताछ में कई अन्य नामों का खुलासा हुआ। इसी कड़ी में पुलिस ने भिलाई और रायपुर के विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर परमेश गेडाम (भिलाई), शिवा वैष्णव उर्फ समीर (रायपुर), मोहम्मद असलम (भिलाई) और सत्यपाल पासवान (भिलाई) को गिरफ्तार किया।

आईडी और हिसाब-किताब का था जिम्मा

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए ये चारों आरोपी गिरोह के मुख्य स्तंभ थे। इनका काम सट्टा खेलने वालों को ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराना, पैसों के लेनदेन का हिसाब रखना और गिरोह को तकनीकी सहायता देना था। ये लोग कम समय में अमीर बनने के लालच में इस अवैध धंधे से जुड़े थे और पुलिस से बचने के लिए सोशल मीडिया व नई तकनीकों का सहारा ले रहे थे।

अब तक 11 गिरफ्तार

इस हाईटेक सट्टा गिरोह के मामले में पुलिस अब तक कुल 11 लोगों को जेल भेज चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।