हाईटेंशन टावर पर चढ़ा किसान: धरसीवां के सोंडरा में जमीन विवाद को लेकर भारी हंगामा

 हाईटेंशन टावर पर चढ़ा किसान: धरसीवां के सोंडरा में जमीन विवाद को लेकर भारी हंगामा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

हाईटेंशन टावर पर चढ़ा किसान: धरसीवां के सोंडरा में जमीन विवाद को लेकर भारी हंगामा

रायपुर (धरसीवां): धरसीवां क्षेत्र के सिलतरा चौकी अंतर्गत ग्राम सोंडरा में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण अपनी जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की मांग को लेकर हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। करीब 12 वर्षों से न्याय के लिए भटक रहे किसान के इस आत्मघाती कदम से प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, सोंडरा निवासी किशन लाल निषाद का आरोप है कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। पीड़ित किसान का कहना है कि वह पिछले एक दशक से अधिक समय से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन रसूखदारों के दबाव के कारण अब तक उसकी जमीन उसे वापस नहीं मिली। प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर सोमवार को उसने यह कठोर कदम उठाया।

प्रशासनिक अमला मौके पर, काटी गई बिजली

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए बिजली विभाग ने तत्काल हाईटेंशन लाइन की सप्लाई बंद कर दी। मौके पर तहसीलदार, एसडीएम और पुलिस बल तैनात है। अधिकारी लाउडस्पीकर के जरिए ग्रामीण को नीचे उतरने की समझाइश दे रहे हैं, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़ा हुआ है।

ठोस कार्रवाई तक उतरने से इनकार

खंभे पर चढ़े किशन लाल ने साफ कर दिया है कि जब तक उसकी जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की लिखित गारंटी और ठोस कार्रवाई नहीं होती, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस बीच राजस्व विभाग की टीम जमीन के दस्तावेजों की जांच में जुट गई है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हैं, जो किसान की मांग का समर्थन कर रहे हैं।

फिलहाल, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासनिक अमला किसान को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में लगा है।