दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन कबाड़’: क्राइम ब्रांच की रेड में 60 टन स्क्रैप और तांबा जब्त, 9 तस्करों पर गिरी गाज

 दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन कबाड़’: क्राइम ब्रांच की रेड में 60 टन स्क्रैप और तांबा जब्त, 9 तस्करों पर गिरी गाज

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन कबाड़’: क्राइम ब्रांच की रेड में 60 टन स्क्रैप और तांबा जब्त, 9 तस्करों पर गिरी गाज

दुर्ग। जिले में पैर पसार चुके अवैध कबाड़ और स्क्रैप माफियाओं के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक की है। एसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच (ACCU) और तीन थानों की संयुक्त टीम ने ‘विशेष अभियान’ चलाकर अवैध कबाड़खानों पर एक साथ धावा बोला। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 60 टन लोहे का स्क्रैप, 200 किलो कीमती तांबा और 6 मालवाहक वाहनों सहित भारी मात्रा में सामान जब्त किया है।

जामुल में मिला कबाड़ का ‘जखीरा’

पुलिस की सबसे बड़ी रेड जामुल थाना क्षेत्र में पड़ी। यहाँ एक विशाल स्क्रैप परिसर में बड़े पैमाने पर लोहे की कटिंग और अवैध बिक्री का खेल चल रहा था। टीम ने मौके से भारी मात्रा में लोहे के पाइप, चैनल, रॉड और मशीनों के कल-पुर्जे बरामद किए। हैरान करने वाली बात यह रही कि यहाँ 200 किलो तांबा भी मिला, जिसे बिजली के तारों को जलाकर निकाला गया था। मौके से गैस कटर और सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग स्क्रैप काटने के लिए होता था।

दस्तावेज नदारद, 18 लाख का माल सीज

कार्रवाई के दौरान सुपेला और कुम्हारी इलाकों में भी दबिश दी गई। छापेमारी में पकड़े गए किसी भी कबाड़ संचालक के पास व्यापार से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने कुल 18 लाख रुपये की कीमत का 60 टन लोहा और बड़ी संख्या में पुराने दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

6 गाड़ियां जब्त, इन 9 आरोपियों पर हुई कार्रवाई

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले तीन बड़े ट्रक और तीन ‘छोटा हाथी’ वाहनों को भी राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जब्त वाहनों के नंबर इस प्रकार हैं:

ट्रक: CG 04 LH 2242, CG 04 JB 4393, CG 04 ZG 5615

छोटा हाथी: CG 07 CU 8086, CG 07 CJ 9056, CG 07 BJ 2613

इस मामले में पुलिस ने हीरामन साहू, राकेश मिश्रा, समरुद्दीन, राधिका साहू, सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान, मनोज उर्फ मन्नू गुप्ता, श्रवण कुमार देवांगन, अजमत हुसैन और धीरज चंद्राकर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के कबाड़ माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।