ऑपरेशन सेवा: राजनांदगांव RPF की तत्परता से बची बीमार रेल यात्री की जान

 ऑपरेशन सेवा: राजनांदगांव RPF की तत्परता से बची बीमार रेल यात्री की जान

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

ऑपरेशन सेवा: राजनांदगांव RPF की तत्परता से बची बीमार रेल यात्री की जान

राजनांदगांव। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत राजनांदगांव रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत एक बीमार यात्री को समय पर अस्पताल पहुँचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। RPF की त्वरित कार्रवाई के चलते 22 वर्षीय युवक को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।

 

ट्रेन में बिगड़ी थी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष और स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 18029 डाउन एक्सप्रेस के कोच S-03 में सफर कर रहे यात्री उज्ज्वल कुभंकर (निवासी- पुरुलिया, पश्चिम बंगाल) की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई है।

RPF टीम ने संभाला मोर्चा

मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन और पोस्ट प्रभारी तरुणा साहू के नेतृत्व में RPF की टीम ने ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पहुँचते ही मोर्चा संभाला। ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक मीनू कुमार और प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रायकवाड़ ने अन्य रेलकर्मियों की मदद से बीमार यात्री को सुरक्षित नीचे उतारा।

डायल 112 की मदद से पहुँचाया अस्पताल

एम्बुलेंस के आने में हो रही देरी को देखते हुए RPF ने ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की। डायल 112 वाहन के माध्यम से यात्री को तत्काल शासकीय अस्पताल पेंड्री, राजनांदगांव में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार शुरू हुआ।

RPF की इस संवेदनशीलता और मानवीय कार्य की स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आम जनता ने जमकर सराहना की है। अधिकारियों ने दोहराया कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके संकट के समय सहायता के लिए भी सदैव तत्पर है।