शादी का झांसा देकर छात्रा का शारीरिक शोषण, गर्भपात के बाद शादी से मुकरा आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
शादी का झांसा देकर छात्रा का शारीरिक शोषण, गर्भपात के बाद शादी से मुकरा आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक कॉलेज छात्रा को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण किया गया। आरोपी ने युवती के गर्भवती होने पर उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। सरकंडा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
दोस्ती के नाम पर किया विश्वासघात
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सरकंडा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के रहने वाले गौरव दुबे (21 वर्ष) से हुई। गौरव ने पहले युवती से दोस्ती की और फिर शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भपात के बाद भी जारी रखा शोषण
सम्बन्धों के बीच जब युवती गर्भवती हो गई, तो उसने इसकी जानकारी गौरव को दी। शादी का वादा करने के बजाय आरोपी ने युवती पर दबाव बनाया और जबरन उसका गर्भपात करा दिया। गर्भपात के बाद भी आरोपी शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जब युवती ने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने शादी करने से मना कर दिया और मुकर गया। खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता ने सरकंडा थाने में आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जुर्म दर्ज किया और महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी गौरव दुबे को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जाँच कर रही है।












