कोरबा: शराब के नशे में विवाद, भतीजे ने दीवार पर सिर पटककर की चाचा की हत्या
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
कोरबा: शराब के नशे में विवाद, भतीजे ने दीवार पर सिर पटककर की चाचा की हत्या
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में होली के जश्न के बीच एक खूनी वारदात सामने आई है। जिले के बांगो थाना अंतर्गत मोरगा पुलिस चौकी के ग्राम अरसियां में मामूली विवाद पर एक भतीजे ने अपने सगे चाचा का सिर दीवार पर पटक-पटक कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतक देवीदयाल यादव (65 वर्ष) पेशे से किसान थे। 4 मार्च (होली के दिन) दोपहर करीब 2 बजे देवीदयाल और उनके भतीजे करनसाय राऊत (30 वर्ष) ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। नशे की हालत में देवीदयाल कुछ बड़बड़ाने लगे, जिससे करनसाय चिढ़ गया और उन्हें घर जाने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि करनसाय ने आपा खो दिया और अपने चाचा का सिर पकड़कर पास की दीवार पर बार-बार दे मारा।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बीच-बचाव किया और गंभीर रूप से घायल देवीदयाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सिर पर आई अंदरूनी और गंभीर चोटों के कारण शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम मरकाम अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करनसाय राऊत को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।












