महासमुंद: शराब भट्टी के पीछे संदिग्ध हालत में मिला शव, इलाके में दहशत का माहौल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
महासमुंद: शराब भट्टी के पीछे संदिग्ध हालत में मिला शव, इलाके में दहशत का माहौल
महासमुंद। जिला मुख्यालय से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 353 पर स्थित सितली नाला देशी शराब भट्टी एक बार फिर चर्चा में है। शनिवार को भट्टी के पीछे झाड़ियों के बीच एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान क्लब पारा (वार्ड नंबर 26) निवासी हेमंत दीवान के रूप में हुई है।
शुक्रवार से लापता था मृतक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हेमंत दीवान शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने शराब भट्टी के पीछे झाड़ियों में एक शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुँचकर हेमंत की शिनाख्त की। बताया जा रहा है कि हेमंत लंबे समय से शराब के आदी थे।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पुलिस की थ्योरी: पोस्टमार्टम पर टिकी नजर
सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। मौत अत्यधिक शराब के सेवन से हुई है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
अपराध का अड्डा बनती जा रही शराब भट्टी?
गौरतलब है कि यह वही शराब भट्टी है, जहां कुछ महीने पहले ही एक नाबालिग सहित तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की चाकू गोदकर सरेराह हत्या कर दी थी। इस नई घटना ने एक बार फिर शराब भट्टी के आसपास सुरक्षा और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












