रायपुर पुलिस की नशे के खिलाफ स्ट्राइक; पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक हेरोइन बेचते गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
रायपुर पुलिस की नशे के खिलाफ स्ट्राइक; पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक हेरोइन बेचते गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘सूखे नशे’ के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस ने अपने ही विभाग के एक आरक्षक को अवैध मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ (हेरोइन) की तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में ड्रग्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 11 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मठपारा क्षेत्र स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे एक व्यक्ति अपनी स्कूटर (एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372) पर बैठकर ‘चिट्टा’ बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पकड़े गए आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन रायपुर में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। वह मूलतः कबीरधाम जिले के ग्राम कुण्डा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर की जनता कॉलोनी में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 8 हजार रुपये आंकी गई है।
कड़ी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ टिकरापारा थाना में धारा 21 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नेटवर्क खंगाल रही है पुलिस
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में पुलिस अब इस मामले की ‘एंड-टू-एंड’ विवेचना कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरक्षक यह नशा कहाँ से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। ‘सोर्स टू डेस्टिनेशन’ जांच के जरिए इस नशे के कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।












