रिश्तों का कत्ल: रलिया में यूट्यूबर युवती ने पिता पर किया जानलेवा हमला, विवादों के बाद रची मौत की साजिश

 रिश्तों का कत्ल: रलिया में यूट्यूबर युवती ने पिता पर किया जानलेवा हमला, विवादों के बाद रची मौत की साजिश

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

रिश्तों का कत्ल: रलिया में यूट्यूबर युवती ने पिता पर किया जानलेवा हमला, विवादों के बाद रची मौत की साजिश

 

हरदीबाजार (कोरबा): पारिवारिक रिश्तों में लंबे समय से जमी कड़वाहट का अंत एक दर्दनाक हत्याकांड के साथ हुआ। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में एक 25 वर्षीय यूट्यूबर युवती ने अपने ही पिता की हसिए से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी गीता केंवट को गिरफ्तार कर लिया है।

चरित्र पर शक बना विवाद की जड़

मृतक अशोक केंवट (55) रलिया में अकेला रहता था, जबकि उसका परिवार कोरबा में अलग रहता था। गीता केंवट सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और बोल्ड विषयों पर यूट्यूब वीडियो बनाती थी। पिता अशोक को उसकी यह गतिविधियां पसंद नहीं थीं और वह अक्सर उसके चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणी व विवाद करता था।

जाति प्रमाण पत्र बनवाने आई थी गांव

घटना सोमवार की है, जब गीता अपने जाति प्रमाण पत्र के काम से गांव आई थी और अपने बड़े पिता के घर रुकी थी। वहां भी पिता ने उसके साथ गाली-गलौज की और आरोप लगाए। पिता के तानों से आहत होकर गीता ने रात करीब 2:30 बजे सोते हुए पिता पर हसिए से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।

रील्स और विवादों का पुराना नाता

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गीता का हाल ही में एक युवक के साथ लाइव रील को लेकर भी विवाद हुआ था। युवक ने गीता के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पिता द्वारा बेटी के आचरण पर लगातार किए जा रहे अपशब्दों और मानसिक प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस की कार्रवाई

हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गीता केंवट को हिरासत में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।