रायगढ़: ‘सनराइज स्पा’ की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल ट्रिनिटी में पुलिस की बड़ी रेड
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
रायगढ़: ‘सनराइज स्पा’ की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल ट्रिनिटी में पुलिस की बड़ी रेड
रायगढ़। छत्तीसगढ़ में पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद अनैतिक देह व्यापार के मामले थम नहीं रहे हैं। ताजा मामला रायगढ़ जिले से सामने आया है, जहाँ पुलिस ने एक नामचीन होटल में संचालित स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को पकड़ा है और मामले की जांच जारी है।
होटल की 7वीं मंजिल पर चल रहा था खेल
जानकारी के अनुसार, कोतरारोड थाना क्षेत्र स्थित होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर ‘सनराइज स्पा एंड सैलून’ संचालित किया जा रहा था। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि यहाँ मसाज की आड़ में अवैध देह व्यापार का धंधा फल-फूल रहा है।
प्वाइंटर भेजकर पुलिस ने बिछाया जाल
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने जाल बिछाते हुए एक पॉइंटर (फर्जी ग्राहक) को स्पा सेंटर भेजा। जैसे ही पॉइंटर ने सौदा पक्का कर पुलिस को संकेत दिया, टीम ने शाम करीब 7:30 बजे होटल में दबिश दे दी।
तीन कमरों में मिलीं तीन महिलाएं
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के तीन अलग-अलग कमरों की तलाशी ली, जहाँ से तीन महिलाएं संदिग्ध अवस्था में पाई गईं। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और व्यापार से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
कार्यवाही जारी
प्रारंभिक जांच में स्पा सेंटर की आड़ में संगठित तरीके से देह व्यापार संचालित होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब इस रैकेट के संचालक और इसमें संलिप्त अन्य सफेदपोशों की तलाश कर रही है। फिलहाल, सभी संदिग्धों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्यवाही से जिले के अन्य स्पा सेंटरों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।












