सूरजपुर के मोहरा एनिकट में डूबे दो छात्रों के शव बरामद, 18 घंटे के रेस्क्यू के बाद SDRF को मिली सफलता
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽
सूरजपुर के मोहरा एनिकट में डूबे दो छात्रों के शव बरामद, 18 घंटे के रेस्क्यू के बाद SDRF को मिली सफलता
रामनगर/सूरजपुर:सूरजपुर जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनिकट में रविवार दोपहर नहाने के दौरान डूबे दो नाबालिग छात्रों का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम ने करीब 18 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों के शवों को गहरे पानी से बाहर निकाला ।
दोस्त के साथ पिकनिक मनाने गए थे छात्र
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर को जयनगर कुंजनगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष) और शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ मोहरा एनिकट घूमने गए थे। नहाने के दौरान दोनों छात्र गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक पानी में समा गए। साथियों की सूचना पर स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन रविवार देर शाम तक अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था।
शब-ए-बारात की खुशियां मातम में बदलीं
मृतक अयान सद्दाम अंबिकापुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र था। वहीं, दूसरा मृतक आदिल अंसारी मनेंद्रगढ़ के मदरसे में पढ़ता था और शब-ए-बारात का पर्व मनाने अपने नाना-नानी के घर से शिवनंदनपुर आया हुआ था। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
3 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
सोमवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की टीम ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनिकट के गहरे हिस्से से दोनों के शव बरामद किए। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय प्रशासन ने गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और एनिकट के पास सुरक्षा घेरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।











