कोरबा: मानिकपुर कोयला खदान में 170 फीट नीचे गिरने से युवक की मौत, परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक

 कोरबा: मानिकपुर कोयला खदान में 170 फीट नीचे गिरने से युवक की मौत, परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

कोरबा: मानिकपुर कोयला खदान में 170 फीट नीचे गिरने से युवक की मौत, परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित SECL की मानिकपुर खदान में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ कोयला चोरी करने की नीयत से खदान में उतरे 42 वर्षीय एक व्यक्ति की लगभग 170 फीट गहरी खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मानिकपुर खदान से सटे ग्राम कुदारी निवासी भगत कुमार मरावी के रूप में हुई है।

खोजबीन के दौरान मिला शव

परिजनों के अनुसार, भगत बुधवार दोपहर को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों और परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो गुरुवार सुबह उसका शव खदान की गहराई में सिर के बल गिरा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खदान से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

बेसहारा हुआ परिवार

मृतक भगत कुमार मरावी के जीवन का संघर्ष काफी कठिन था। वह एक पैर से दिव्यांग थे और उन्हें मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। माता-पिता के निधन के बाद, वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में वह अकेला कमाने वाला सदस्य था, जिसकी मौत के बाद अब परिजनों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

क्षेत्र में कोयला चोरी का बड़ा नेटवर्क

यह घटना मानिकपुर खदान क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरी के काले कारोबार की ओर भी इशारा करती है। रापाखरा, कुदरी, ढेलवाडीह और सीतामणी जैसी बस्तियों से लोग जान जोखिम में डालकर कोयला निकालते हैं। बताया जाता है कि यहाँ से चोरी किया गया कोयला स्थानीय होटलों, ढाबों और विशेष रूप से कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में खपाया जाता है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।