राजस्थान में कुत्तों के हमले से बचने के प्रयास में छत्तीसगढ़ के थाना प्रभारी की ट्रक से कुचलकर मौत, पुलिस महकमे में शोक

 राजस्थान में कुत्तों के हमले से बचने के प्रयास में छत्तीसगढ़ के थाना प्रभारी की ट्रक से कुचलकर मौत, पुलिस महकमे में शोक

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

राजस्थान में कुत्तों के हमले से बचने के प्रयास में छत्तीसगढ़ के थाना प्रभारी की ट्रक से कुचलकर मौत, पुलिस महकमे में शोक

बिलासपुर/भरतपुर: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव थाने के प्रभारी नंदलाल पैकरा की राजस्थान के भरतपुर जिले में एक दुखद हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह एक ढाबे के पास कुत्तों के हमले से बचने की कोशिश में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। वह निजी यात्रा पर राजस्थान और दिल्ली गए थे।

हादसे का विवरण

जानकारी के मुताबिक,  नंदलाल पैकरा भरतपुर जिले में एक ढाबे से खाना पैक करा रहे थे और सड़क किनारे खड़े थे। उनके हाथ में रोटी थी, जिस पर अचानक कुत्तों ने झपट्टा मारने की कोशिश की। कुत्तों से बचने के प्रयास में, वह अनजाने में सड़क पर आ गए और एक गुजरते ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

मुंगेली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भोजराम पटेल ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी अपने साथियों के साथ निजी यात्रा पर थे। हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर पुलिस से लगातार संपर्क किया जा रहा है। वर्तमान में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

पुलिस परिवार में शोक की लहर

नंदलाल पैकरा के आकस्मिक निधन से न केवल मुंगेली पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनके निधन को पुलिस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। उनकी पत्नी तखतपुर में शिक्षिका हैं।

पार्थिव देह छत्तीसगढ़ लाने की प्रक्रिया जारी

पुलिस विभाग आगे की कार्रवाई और पार्थिव देह को छत्तीसगढ़ लाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए शोक व्यक्त किया है।