मंत्री रामविचार नेताम पर अभद्र टिप्पणी: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ 8 थानों में शिकायत, गिरफ्तारी की मांग

 मंत्री रामविचार नेताम पर अभद्र टिप्पणी: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ 8 थानों में शिकायत, गिरफ्तारी की मांग

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

 

मंत्री रामविचार नेताम पर अभद्र टिप्पणी: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ 8 थानों में शिकायत, गिरफ्तारी की मांग

अंबिकापुर: अपनी विवादित टिप्पणियों के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिर गई हैं। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इस मामले में अंबिकापुर कोतवाली सहित सरगुजा संभाग के 8 अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

आकांक्षा टोप्पो ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ बेहद अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। वीडियो के वायरल होते ही भाजपा पदाधिकारियों ने इसे राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन और व्यक्तिगत अपमान बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।

इन थानों में दर्ज कराई गई शिकायत

मंत्री के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीती रात भाजपा पदाधिकारी रविंद्र तिवारी और अमोघ कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंबिकापुर कोतवाली में शिकायत पत्र सौंपा। इसके अलावा बलरामपुर, रामानुजगंज, रामचंद्रपुर, विजयनगर और बैकुंठपुर सहित संभाग के कुल 8 थानों में एफआईआर के लिए आवेदन दिए गए हैं।

पुरानी विवादों से रहा है नाता

यह पहली बार नहीं है जब आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ पुलिस में शिकायत हुई है। इससे पहले भी:

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने पर उनके विरुद्ध सीतापुर और मैनपाट थानों में मामले दर्ज हो चुके हैं।

पूर्व में सीतापुर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था, जिसके बाद उन्हें मुचलके पर रिहा किया गया था।

भाजपाइयों की मांग

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि आकांक्षा टोप्पो केवल सस्ती लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए संवैधानिक पदों पर बैठे सम्मानित व्यक्तियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करती हैं। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही मामला दर्ज होने की संभावना है।