बढ़ते बिजली बिलों की बढ़ोतरी को लेकर दुर्ग कांग्रेस कमेटी 25 सितंबर को करेगी बड़ा प्रदर्शन

 बढ़ते बिजली बिलों की बढ़ोतरी को लेकर दुर्ग कांग्रेस कमेटी  25 सितंबर को करेगी बड़ा प्रदर्शन

प्राइम सी 24 news से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट

++++++++++++++++++++++++++++++++++

दुर्ग शहर में बिजली बिल बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस 25 सितंबर को प्रदर्शन करेगी. पूर्व विधायक अरुण वोरा ने बिजली कार्यालय की तालाबंदी का ऐलान किया है.

 

 

दुर्ग. शहर में बिजली बिल बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने 25 सितंबर को बिजली कार्यालय की तालाबंदी का ऐलान किया है. पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति ने आम जनता को महंगाई और उच्च बिजली दरों के बोझ में डाल दिया है. हाफ बिजली योजना के दायरे में कटौती ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. प्रदेशभर में बिजली बिल दोगुना आने से रोजमर्रा के खर्च प्रभावित हुए हैं. कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन सरकार और बिजली विभाग पर जनता की समस्याओं को उजागर करने का असरकारी माध्यम बनेगा.

 

पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार की हाफ बिजली योजना अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी है. राहत की उम्मीद अब बची नहीं है. दुर्ग में बिजली बिल बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की है. यह कदम महंगाई और बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ उठाया गया है. अरुण वोरा ने कहा कि महंगी बिजली का बोझ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए कठिन है. भाजपा सरकार सौर ऊर्जा और झूठे वादों के जरिए जनता को भ्रमित कर रही है. सवाल उठता है कि गरीब परिवार लाखों रुपये का सोलर पैनल कैसे लगा पाएंगे?

 

400 यूनिट तक राहत देने वाली योजना अब सीमित

पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा ने कहा कि यह फैसला जनता की जेब पर सीधा हमला है. पहले 400 यूनिट तक राहत देने वाली योजना अब केवल 100 यूनिट तक सीमित कर दी गई है. इस नीति ने गरीब परिवारों की रौशनी छीन ली. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बिजली दरों में लगातार वृद्धि हुई है. प्रदेशभर के लाखों घरों में सितंबर का बिल दोगुना से अधिक आ गया है, जिससे रसोई से लेकर रोजमर्रा के बजट तक प्रभावित हुए हैं.

बिजली विभाग तक जनता की आवाज पहुंचे

दुर्ग कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ विरोध तक सीमित नहीं होगा. प्रदर्शन के माध्यम से सरकार और बिजली विभाग तक जनता की आवाज़ पहुंचाई जाएगी. दुर्ग जिले के पांचों ब्लॉक अध्यक्ष – राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, अल्ताफ अहमद, महिप सिंह भुवाल और राजकुमार साहू ने एक संयुक्त बयान जारी किया है. कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक जनता को न्याय और राहत नहीं मिलती. आने वाले दिनों में दुर्ग शहर में कांग्रेस का यह विराट विरोध प्रदर्शन सरकार की नींव हिला सकता है.