गुजरात से ओडिशा तक दौड़ेगी ये अमृत भारत ट्रेन! रेलमंत्री वैष्णव ने खुद शेयर किया पूरा रूट मैप
गुजरात की पहली अमृत भारत ट्रेन सूरत से ओडिशा के ब्रह्मपुर तक चलेगी. यह ट्रेन नॉन-एसी स्लीपर क्लास की होगी और इसमें आधुनिक सुविधाएं होंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 सितंबर को इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं.
रायपुर: गुजरात को जल्द ही भारतीय रेल की ओर से एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. देश की पहली Amrit Bharat ट्रेन अब सूरत (उधना स्टेशन) से ओडिशा के ब्रह्मपुर तक चलेगी. यह नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन खास तौर पर आम और मध्यम वर्गीय यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका रूट मैप शेयर करते हुए बताया कि यह ट्रेन डायमंड सिटी सूरत को सिल्क सिटी ब्रह्मपुर से जोड़ेगी.
सूरत से ब्रह्मपुर तक का रूट
नई अमृत भारत ट्रेन सूरत के उधना स्टेशन से रवाना होगी और बीच में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें नंदुरबार, जलगांव, भुसावल, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, रायपुर, टिटलागढ़, रायगड़ा, विजयनगरम और पालासा शामिल हैं. इसके बाद ट्रेन ओडिशा के ब्रह्मपुर पहुंचेगी. इस रूट से गुजरने वाले हजारों यात्रियों, खासकर प्रवासी मजदूरों और आम परिवारों को सीधी सुविधा मिलेगी.
पीएम मोदी कर सकते हैं शुभारंभ!
हालांकि रेलवे ने आधिकारिक तौर पर उद्घाटन की तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को 27 सितंबर को हरी झंडी दिखा सकते हैं. इससे पहले भी प्रधानमंत्री ने कई वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों को देशभर में लॉन्च किया है.
कैसी होगी यह ट्रेन
अमृत भारत एक्सप्रेस को खास तौर पर नॉन-एसी यात्रियों के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव देने पर जोर दिया गया है. ट्रेन की रफ्तार 160 से 180 किमी प्रति घंटा तक होगी और इसमें कुल 23 कोच होंगे.
11 जनरल क्लास कोच
8 स्लीपर क्लास कोच
1 पेंट्री कार
2 सेकंड क्लास कम लगेज कम गार्ड वैन
1 दिव्यांग-फ्रेंडली डिब्बा
यात्रियों के लिए बड़ी राहत
सूरत और आसपास के इलाकों में लाखों प्रवासी मजदूर रहते हैं, जो ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश से आते हैं. अब तक उन्हें लंबी दूरी की यात्रा के लिए महंगी या असुविधाजनक ट्रेन सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता था. नई अमृत भारत ट्रेन से इन यात्रियों को सस्ती, तेज और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. खासकर त्योहारों के समय जब भीड़ ज्यादा होती है, यह ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
भारतीय रेलवे की योजना
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारतीय रेलवे 100 अमृत भारत ट्रेनों का निर्माण करने की योजना बना रहा है. इनका उद्देश्य नॉन-एसी सेगमेंट में भी यात्रियों को वर्ल्ड-क्लास अनुभव देना है. इससे पहले वंदे भारत ट्रेनों ने एसी क्लास यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव दिया है, अब अमृत भारत एक्सप्रेस उन यात्रियों के लिए बदलाव लाने जा रही है जो सस्ती टिकटों में सफर करते हैं.








