छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुजारी हत्याकांड का खुलासा, पत्नी से अफेयर के चलते हुई पुजारी की हत्या
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार चौधरी
+++++++++++++++++++++++++++++++++++
बिलासपुर में सब्जी व्यापारी ने पत्नी के साथ अफेयर के चलते पुजारी की हत्या कर दी. व्यापारी ने अपने चार रिश्तेदारों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया. अवैध संबंध की वजह से आरोपी का पत्नी से 6 महीने पहले सामाजित तलाक हो गया था, इसके बाद से ही वो मौके की तलाश कर रहा था.
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुजारी की हत्या मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सब्जी व्यापारी ने पत्नी के साथ अफेयर के चलते अपने चार रिश्तेदारों के साथ मिलकर पुजारी की हत्या की थी. हमलावरों ने बाइक पूजा के बहाने पुजारी को बुलाया और फिर पाइप और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. आरोपी का पत्नी से 6 महीने पहले अवैध संबंध की वजह से ही तलाक हो गया था. यह पूरी घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की है.
मृतक पुजारी जागेश्वर पाठक
मां ने देखी बेटे की लाश
जानकारी के अनुसार, परसाकांपा गांव का रहने वाला जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू गांव के ही पाठ बाबा मंदिर का पुजारी था. जागेश्वर मंदिर में ही रहता था. हर रोज की तरह मां सुबह 6 बजे बेटे को चाय देने मंदिर पहुंची. मंदिर के बाहर बेटे की खून से लथपथ लाश देख वह चीखने-चिल्लाने लगी. शोर मचाकर लोगों को बुलाया. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
12 घंटें में पुलिस ने खोला राज
मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं. वहीं सर्च डॉग एक आरोपी के घर तक गई, इसी आधार पर पुलिस ने संदेहियों को पकड़ना शुरू किया. जांच में पता चला कि पुजारी का एक महिला से अवैध संबंध है. महिला से भी पुलिस ने पूछताछ की. सक्रियता दिखाने हुए पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया. हत्याकांड में शामिल सभी पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
पुजारी और आरोपी की पत्नी का था संबंध
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि पुजारी जागेश्वर पाठक ने मंदिर के खेत को सब्जी व्यापारी सुरेश धुरी को अधिया से दिया था. खेत में सुरेश और उसकी पत्नी फसल उगाते थे. इस दौरान सुरेश की पत्नी और पुजारी के बीच अवैध संबंध बन गया. सुरेश को जब इसकी जानकारी लगी तो उसने अपनी पत्नी को मना किया और पुजारी को भी समझाइश दी. लेकिन दोनों नहीं माने. इसी वजह से सुरेश ने अपनी पत्नी को छोड़ दिया. करीब 6 महीने पहले उससे सामाजिक तलाक भी हो गया था.
बाइक पूजा के बहाने बुलाया
आरोपियों ने पुजारी को बाइक पूजा के बहाने बुलाया. फिर सुरेश धुरी समेत पांच लोगों ने मिलकर पुजारी को सस्पेंशन पाइप और ईंट से ताबड़तोड़ वार किया. जिससे वो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया. इसके बाद सभी आरोपी वहां से भाग गए. मुख्य आरोपी सुरेश ने बताया कि पुजारी ने उसकी पत्नी से अवैध संबंध बनाया, जिसके चलते उसका तलाक हो गया. इसलिए उसने उसकी हत्या की साजिश रची.










