यूपी से हरियाणा जा रहे मजदूरों की गाड़ी को देर रात कैंटर ने मारी टक्कर, पांच की मौत 32 घायल

 यूपी से हरियाणा जा रहे मजदूरों की गाड़ी को देर रात कैंटर ने मारी टक्कर, पांच की मौत 32 घायल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार चौधरी

+++++++++++++++++++++++++++++++++++

 

सभी मजदूर लखीमपुर खीरी जिले के थे और फसल कटाई के काम के लिए महेंद्रगढ़ जा रहे थे। हादसे में एक महिला की भी मौत हुई है।

 

बहादुरगढ़।हरियाणा के बहादुरगढ़ में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। बादली के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक कैंटर ने पिकअप गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी पलट गई और उसमें सवार दर्जनों मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक महिला समेत पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए।


पिकअप गाड़ी में करीब 37 मजदूर सवार थे

पुलिस के अनुसार मृतक और घायल सभी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के अमन नगर के रहने वाले प्रवासी मजदूर थे। वे फसल कटाई के काम के लिए हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के घोड़ाकैमला गांव जा रहे थे। मजदूर एक ही पिकअप गाड़ी में सवार थे, जिसमें करीब 37 लोग बैठे थे। देर रात लगभग 1:30 बजे जैसे ही वाहन KMP एक्सप्रेसवे पर बादली के करीब पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कैंटर ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप गाड़ी सड़क पर पलट गई। चीख-पुकार के बीच मजदूर इधर-उधर बिखर गए। कुछ लोग मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए और पांच की मौत हो गई। मृतकों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

हादसे में घायल हुए 32 मजदूरों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से आठ को बहादुरगढ़ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल 24 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रोहतक के पीजीआईएमएस रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

यात्रियों ने बयां किया दर्द

हादसे की सूचना मिलते ही बादली थाना पुलिस और KMP एक्सप्रेसवे की यूपीडा टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हादसे का कारण बनने का मामला दर्ज किया है। इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों की समस्या और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।