छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 6 महिलाएं झुलसी…2 की मौत, खेत से काम कर लौटते समय हुआ हादसा

 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आकाशीय बिजली  गिरने से 6 महिलाएं झुलसी…2 की मौत, खेत से काम कर लौटते समय हुआ हादसा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

++++++++++++++++++++++++++++++++++++

 

 

गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश, खेत से काम कर लौटते समय हुआ हादसा|

बिलासपुर।बिलासपुर में मंगलवार की शाम गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान 6 महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। जिससे 2 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि, 4 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिलाएं खेत से काम कर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।

 

 

जिले में पिछले 20 दिनों से बारिश नहीं होने की वजह से गर्मी बढ़ गई थी। धूप के साथ तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही थी। सावन के महीने में लगातार 20 दिनों तक लोग बारिश का इंतजार करते रहे। लेकिन, उन्हें मायूसी हाथ लगी। बारिश नहीं होने से खेत सूखने लगे हैं। किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। इधर, मंगलवार शाम अचानक मौसम ने करवट बदली और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई।

 

बारिश के बाद शहर में कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, जिससे जाम की स्थिति बनी रही।

 

दरअसल, मंगलवार शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जिसके बाद करीब 5 बजे के बाद आसमान में काली घटाएं छा गई। फिर आसमान में जोरदार गर्जना होने लगी और बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बिल्हा के ग्राम कुंआपाली निवासी सौम्या नेती (33), सुरेखा नेती (45) समेत 6 महिलाओं खेत में काम करने गईं थीं।

गरज-चमक के साथ बारिश होते देख कर सभी महिलाएं घर लौटने लगी। महिलाएं रास्ते में ही थी, तभी जोरदार गर्जना होने के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इससे सौम्या और सुरेखा की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पीछे चल रहीं दरसबाई कोर्राम, गीताबाई गोड़, कुंवरमति, पार्वती यादव इस घटना में घायल हो गईं।

 

इसकी जानकारी मिलते गांव के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। साथ ही दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।

 

जानिए मंगलवार को कैसा रहा मौसम

 

मंगलवार सुबह से आसमान में बदली छाई हुई थी, जिससे उमस से बेचैन कर दिया था। आसमान में सूरज और बादलों की आंख-मिचौली चल रही थी। दोपहर में उमस काफी बढ़ गई थी जिससे लोग बेहाल रहे। इस बीच शाम होते ही मौसम का मिजाज बदल गया।

 

आसमान में काली घटाएं छा गई और बिजली चमकने के साथ ही तेज गर्जना होने लगी। जिसके बाद जोरदार बरसात हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। लेकिन, उमस कम नहीं हुई।

 

आज भी बारिश की संभावना

 

मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया था कि 48 घंटों के भीतर बिलासपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिलासपुर में भी इस पूर्वानुमान का असर दिखा और शाम को अच्छी बरसात हुई।

 

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उसम से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है।