सलमान-ऐश्वर्या की कहानी हुई सच! पति ने कराई पत्नी की शादी, लेकिन फिर जो हुआ वो किसी ने नहीं सोचा था

 सलमान-ऐश्वर्या की कहानी हुई सच! पति ने कराई पत्नी की शादी, लेकिन फिर जो हुआ वो किसी ने नहीं सोचा था

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में बबलू ने अपनी पत्नी राधिका की शादी उसके प्रेमी विकास से कराई. बबलू ने पत्नी की खुशी के लिए यह कदम उठाया और बच्चों की जिम्मेदारी खुद उठाने का फैसला किया.

बबलू ने पत्नी राधिका की शादी उसके प्रेमी विकास से कराई.

बबलू ने बच्चों की जिम्मेदारी खुद उठाने का फैसला किया.

गांव में बबलू के फैसले की चर्चा और तारीफ हो रही है.

उत्तर प्रदेश, संत कबीरनगर: साल 1999 में एक फिल्म आई थी, ‘हम दिल दे चुके सनम’. उसमें ऐश्वर्या राय को सलमान खान से प्यार हो जाता है. लेकिन उसके पापा उसकी शादी अजय देवगन से करा देते हैं, जो फिल्म में अमीर वकील बने हैं. शादी के बाद अजय देवगन को पता चलता है कि ऐश्वर्या पहले सलमान को चाहती थी. तो वो खुद ही ऐश्वर्या की शादी सलमान से करवा देता है.

 

ठीक ऐसी ही एक बात उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में हुई. वहां एक आदमी ने अपनी पत्नी की शादी उसके बॉयफ्रेंड से करा दी. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. पता चला है कि पति ने पहले तहसील में कागज बनवाया और फिर मंदिर में अपनी पत्नी का ब्याह उसके प्रेमी के साथ करवा दिया.

 

2017 में हुई थी शादी, फिर शुरू हुआ प्रेम प्रसंग

धनघटा थाना क्षेत्र के कटार जोत गांव के निवासी बबलू की शादी 2017 में गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के भूलनचक गांव की राधिका से हुई थी. दोनों का जीवन सामान्य चल रहा था और उनके दो बच्चे भी हुए. बबलू काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था. इसी दौरान, गांव के ही युवक विकास और राधिका के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं, और करीब एक साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. कुछ दिन पहले राधिका अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर भाग गई थी, लेकिन सोमवार सुबह वह खुद लौट आई और अपने पति से प्रेमी संग शादी की इच्छा जताई.

 

मंदिर में हुई शादी, रो पड़ी दुल्हन

गांववालों ने राधिका को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही. आखिरकार, बबलू ने पत्नी की खुशी के लिए उसे आज़ाद करने का फैसला लिया. सभी पक्षों की सहमति के बाद, धनघटा स्थित बाबा दानीनाथ मंदिर में राधिका और विकास की शादी कराई गई. विवाह के दौरान पूरा गांव मौजूद रहा. जब प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा, तो राधिका अचानक रोने लगी. इस पर गांववालों ने कहा, “अब तो शादी हो गई, फिर रोने का क्या मतलब?”

 

पति ने लिया बड़ा फैसला

पत्नी के जाने के बाद बबलू ने बड़ा फैसला लिया और कहा, “अगर मेरी पत्नी किसी और के साथ खुश रहना चाहती है, तो मैं उसे रोकूंगा नहीं. मैं अपने बच्चों को खुद पालूंगा और उन्हें बेहतर जीवन दूंगा.” बबलू का यह फैसला भले ही असामान्य हो, लेकिन उसकी सहनशीलता और अपने बच्चों के प्रति जिम्मेदारी की भावना को देखकर लोग उसकी तारीफ कर रहे हैं.